भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जयपुर में क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित
जयपुर। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वित्तीय साक्षरता केन्द्र परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को जयपुर में क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रिजर्व बैंक, जयपुर के क्षेत्रीय निदेशक रणजीव शंकर ने की।
कार्यशाला में भारतीय रिजर्व बैंक, जयपुर के अधिकारीगण, राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक, प्रायोजक बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य के 119 वित्तीय साक्षरता केन्द्रों के केन्द्र प्रबंधक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य वित्तीय साक्षरता केन्द्रों की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना तथा राज्य में समावेशी एवं सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।
क्षेत्रीय निदेशक रणजीव शंकर ने राष्ट्रीय वित्तीय समावेशन रणनीति 2025–30 के अंतर्गत वित्तीय सुरक्षा, वित्तीय लचीलापन एवं वित्तीय अनुशासन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि उसे सकारात्मक वित्तीय व्यवहार में परिवर्तित करना है।
कार्यशाला के दौरान सीएफएल, मूल्यांकन रूपरेखा, सीएफएल परियोजना की अब तक की प्रगति, साइबर सुरक्षा, प्रभावी संप्रेषण, शिकायत निवारण प्रणाली, निष्क्रिय खातों का पुनः-केवाईसी तथा दावारहित जमा जैसी महत्वपूर्ण विषय-वस्तुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी हितधारकों ने राज्य में वित्तीय साक्षरता एवं वित्तीय समावेशन को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
bhavtarini.com@gmail.com

