अंबेडकर जयंती पर सीएम भगवंत मान की महिलाओं को बडी सौगात

अंबेडकर जयंती पर सीएम भगवंत मान की महिलाओं को बडी सौगात

चंडीगढ़, पंजाब की भगवंत मान सरकार आज अपनी महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' की शुरुआत करने जा रही है। आदमपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री इस योजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और दलित परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना के जरिए आम आदमी पार्टी अपनी उस चुनावी गारंटी को पूरा कर रही है, जिसमें महिलाओं को आर्थिक मदद देने का वादा किया गया था।

90 लाख महिलाओं को मिलेगा फायदा

इस योजना का लाभ प्रदेश की करीब 90 लाख पात्र महिलाओं को मिलने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य है कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई महीने से सहायता राशि का वितरण शुरू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री आज इस योजना के शुभारंभ के साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़े कदम का दावा करेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस योजना के जरिए सत्ताधारी दल महिला और दलित मतदाताओं को लामबंद करने की कोशिश में है।

कल से 9 हलकों में शुरू होगा पंजीकरण

योजना के औपचारिक शुभारंभ के बाद बुधवार से राज्य के 9 विधानसभा क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हो जाएगा। इन क्षेत्रों में आदमपुर, मलोट, आनंदपुर साहिब, दिड़बा, सुनाम, कोटकपूरा, मोगा, पटियाला ग्रामीण और बटाला शामिल हैं। इन 9 हलकों में शुरुआती प्रक्रिया और फीडबैक देखने के बाद 15 मई से पंजाब के बाकी सभी 108 विधानसभा क्षेत्रों में भी पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

योजना का लाभ लेने की इच्छुक महिलाओं को पंजीकरण के लिए अपनी बैंक पासबुक, आधार कार्ड और वोटर कार्ड साथ लाना होगा। पात्रता की शर्तों के मुताबिक, वर्तमान में कार्यरत या सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगी। इसके अलावा महिला विधायक और सांसद भी इस योजना के दायरे से बाहर रखी गई हैं। सरकार ने इस मेगा इवेंट के लिए पूरी ताकत झोंक दी है ताकि योजना का संदेश घर-घर तक पहुंच सके।