पन्ना टाइगर रिजर्व में तेंदुए के मांस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

पन्ना टाइगर रिजर्व में तेंदुए के मांस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के चन्द्रनगर परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदुए के मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 17 जुलाई की देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की रात लगभग 12 बजे पन्ना टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र अंतर्गत रैपुरा बीट में कुछ लोगों द्वारा तेंदुए का शिकार किए जाने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वन अमले ने एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सिम्मा आदिवासी 60 वर्ष, निवासी ग्राम राजगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मृत चीतल का कटा हुआ मांस, एक कुल्हाड़ी, गाय-बैल को बांधने की रस्सी तथा अन्य सामग्री बरामद की गई, जिसे वन विभाग ने जब्त कर लिया। वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा इस शिकार में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। वन विभाग का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।