स्वस्थ जीवनशैली सशक्त और ऊर्जावान समाज का आधार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
राजस्थान के युवाओं का उत्साह और जुनून प्रदेश की पहचान
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फिट इंडिया अभियान देश के युवाओं को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक एवं प्रेरित कर रहा है। फिटनेस व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वस्थ, सशक्त और ऊर्जावान समाज के निर्माण का आधार है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल से पिंकसिटी हॉफ मैराथन को फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। धावकों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं का स्वास्थ्य के प्रति समर्पण और जुनून राजस्थान की पहचान है। स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन समाज में ऊर्जा का संचार करते हैं। नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर हम फिट राजस्थान के संकल्प को साकार करेंगे।
मुख्यमंत्री ने मैराथन को जीरो हंगर की पहल से जोड़ने की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार भी अन्नपूर्णा रसोई योजना के माध्यम से मात्र 8 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवा रही है। इस प्रकार खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने वाली पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनती है।
इस अवसर पर जयपुर महापौर सुनील कोठारी, लेफ्टिनेंट जनरल पद्म सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में धावक एवं आमजन उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

