चिकित्सा में उच्च योग्यता के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ती है: मुख्य सचिव
समारोह में 26 स्वर्ण पदक और 350 से अधिक उपाधियां प्रदान की गईं
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को महात्मा गांधी चिकित्सा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जयपुर के नवें दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में स्नातकोत्तर उपाधि केवल उच्च शैक्षणिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ती है।
सीतापुरा स्थित विश्वविद्यालय परिसर के आर. एल. स्वर्णकार सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य सचिव ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई दी। समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में 26 स्वर्ण पदक और 350 से अधिक उपाधियां प्रदान की गईं।
श्रीनिवास ने कहा कि इन उपाधियों के पीछे वर्षों का कठिन अध्ययन, विशिष्ट प्रशिक्षण, अनुसंधान और पेशेवर प्रतिबद्धता जुड़ी है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान की विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा से प्राप्त विशेषज्ञता के साथ समाज की अपेक्षाएं और पेशेवर उत्तरदायित्व भी बढ़ते हैं।
मुख्य सचिव ने विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. एम. एल. स्वर्णकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और रोगी सेवा के लिए ऐसे संस्थान का निर्माण किया है, जिससे अन्य संस्थान भी प्रेरणा ले सकते हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं रोगियों की देखभाल में योगदान के लिए विश्वविद्यालय के नेतृत्व और शैक्षणिक समुदाय को भी बधाई दी।
समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने की। प्रख्यात मस्तिष्क एवं तंत्रिका शल्य चिकित्सक डॉ. भवानी शंकर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

