अयोध्या-जनकपुरधाम के बीच चलेगी नई ट्रेन, भारत-नेपाल के श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सौगात
नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत पहुंच गए हैं। अपने पहले द्विपक्षीय दौरे पर आए प्रधानमंत्री शाह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग और आपसी संबंधों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। दौरे का प्रमुख आकर्षण भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन होगा।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। बैठक के बाद दोनों नेता अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच प्रस्तावित रेल सेवा का उद्घाटन करेंगे।
604 किलोमीटर का सफर तय करेगी ट्रेन
अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच शुरू होने वाली यह रेल सेवा करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को ट्रेन रवाना होगी। इस रेल सेवा से भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
रामायण सर्किट के श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी। अब अयोध्या और जनकपुरधाम की यात्रा करने वाले यात्रियों को रेल मार्ग से सफर का एक नया विकल्प मिलेगा। इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में प्रसिद्ध है, जबकि नेपाल का जनकपुरधाम माता सीता की जन्मस्थली और राजा जनक की नगरी के रूप में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। दोनों स्थानों के बीच रेल संपर्क स्थापित होना रामायण परंपरा से जुड़े सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी होगा फायदा
इस रेल सेवा का लाभ केवल धार्मिक यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इससे आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। विद्यार्थी पढ़ाई, व्यापारी कारोबार और आम नागरिक पारिवारिक कार्यों के लिए दोनों देशों के बीच आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध रहे हैं। अयोध्या-जनकपुरधाम रेल सेवा इन संबंधों को और मजबूत करने के साथ दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और जनसंपर्क को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
bhavtarini.com@gmail.com

