खेत में पैरा के नीचे मिली 3.26 करोड़ की नकदी, नागपुर के 3.74 करोड़ रुपये के लूटकांड के तार बालाघाट से जुड़े
rafi ahmad ansari
बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में व्यापारी के कर्मचारियों से हुई 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले तक पुलिस जांच पहुंच गई है। वारासिवनी थाना क्षेत्र के डोरली गांव में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक खेत में छिपाकर रखी गई 3 करोड़ 26 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। यह रकम धान के पैरा (पुआल) के ढेर के नीचे तीन बोरियों में छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने यह कार्रवाई 24 नवंबर की सुबह दो आरोपियों की निशानदेही पर की। खेत में करोड़ों रुपये की नकदी मिलने की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
आरोपी की निशानदेही पर खेत में चलाया तलाशी अभियान
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम दो आरोपियों कृष्णा और अरविंद को लेकर वारासिवनी क्षेत्र के ग्राम डोरली पहुंची। टीम के साथ वारासिवनी और रामपायली पुलिस भी मौजूद थी। इसके बाद बस्ती तालाब के पास स्थित अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस ने खेत में रखे पैरा के ढेर की जांच की तो उसके नीचे छिपाई गई तीन बोरियां मिलीं। इन बोरियों में बड़ी मात्रा में नकदी भरी हुई थी। गिनती के दौरान पुलिस ने 3 करोड़ 26 लाख रुपये बरामद किए। शुरुआती जांच में इस रकम को नागपुर में हुई लूट की वारदात से जुड़ा बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के नंबर से मिला सुराग
नागपुर पुलिस की जांच में लूटी गई कार के नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज महत्वपूर्ण सुराग बने। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद बदमाशों ने नकदी को दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया और महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश के चिखला होते हुए बालाघाट के डोरली गांव पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, डोरली निवासी अरविंद डहरवाल के खेत में पैरा के नीचे तीन बोरियों में नकदी छिपाई गई थी। इसके बाद नागपुर क्राइम ब्रांच ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की और आरोपियों की निशानदेही पर रकम बरामद कर ली।
18 नवंबर को नागपुर में हुई थी 3.74 करोड़ की लूट
गौरतलब है कि 18 नवंबर की तड़के महाराष्ट्र के नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने अनाज एवं फाइनेंस व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को निशाना बनाया था। बदमाशों ने कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में करीब 3.74 करोड़ रुपये रखे हुए थे।
वारदात के बाद लूटी गई कार नागपुर के कामठी क्षेत्र के खैरी इलाके में लावारिस हालत में मिली थी। हालांकि, कार से नकदी गायब थी। घटना के बाद से नागपुर क्राइम ब्रांच और शांतिनगर पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
दो आरोपी हिरासत में, जांच जारी
नागपुर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है। उनकी निशानदेही पर बालाघाट के डोरली गांव से 3.26 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में अन्य आरोपियों, लूटी गई शेष राशि और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों के संबंध में जांच कर रही है।
नागपुर की लूट की वारदात का मध्यप्रदेश के बालाघाट से जुड़ना पुलिस जांच का महत्वपूर्ण पहलू बन गया है। खेत में पैरा के नीचे करोड़ों रुपये छिपाकर रखने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
bhavtarini.com@gmail.com

