अमेरिका के फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ प्राइवेट जेट, आग के गोले में बदला विमान; 9 लोगों की मौत
फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। टेक्सास से बहामास जा रहा एक प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान जमीन से टकराते ही आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने हादसे में नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, Learjet 60 विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा और दक्षिण फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में एक रिहायशी इलाके के पास सड़क से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ।
सड़क पर बना आग का बड़ा गड्ढा
हादसे के बाद घटनास्थल पर आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। दुर्घटना के कारण सड़क का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। आसमान में उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया। विमान का मलबा सड़क पर बिखर गया और आसपास के क्षेत्र में आग फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रिहायशी मकानों से कुछ ही दूरी पर गिरा। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान सीधे किसी मकान पर नहीं गिरा, हालांकि सड़क से गुजरने वाले वाहनों के लिए भी यह हादसा बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
कार सवारों ने कैमरे में कैद किया हादसा
विमान दुर्घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कारों में बैठे लोगों ने विमान को आसमान से तेजी से नीचे आते और सड़क के पास टकराने के बाद आग के गोले में बदलते हुए रिकॉर्ड किया। वीडियो में हादसे की भयावहता साफ दिखाई देती है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोग विमान के इतनी नजदीक गिरने से हैरान रह गए।
FAA और NTSB की टीम करेगी जांच
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) की टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में सहयोग करेगी। हादसे की वास्तविक वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विमान में तकनीकी खराबी आई थी या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान निजी जेट था। इसका टेल नंबर N722BD बताया गया है। अधिकारियों ने विमान में सवार मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की है।
कई घंटे तक बाधित रही बिजली आपूर्ति, सड़कें बंद
यह दुर्घटना पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास हुई। हादसे के बाद पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों दिशाओं में सड़कें बंद कर दीं। लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील भी की गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल के पास काम करने वाली एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। फिलहाल जांच एजेंसियां दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
