10 दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर
जयपुर। कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा 27 फरवरी को सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायत चौथ का बरवाड़ा में जिला स्तरीय 10 दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करेंगे। यह शिविर 8 मार्च तक मीणा धर्मशाला में आयोजित होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक जितेन्द्र गोठवाल विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उप निदेशक डॉ. भीमसिंह मीना ने बताया कि शिविर में अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा क्षार सूत्र पद्धति से बिना चीर-फाड़ के समस्त गुदा रोगों का स्थाई उपचार किया जाएगा। शिविर में गुदा मार्ग से रक्त निकलने, सूजन, दर्द अथवा जलन होना, गुदा मार्ग के पास नासूर, फोड़ा, मवाद बहने, लम्बे समय से कब्ज, बार-बार शौच जाने आदि समस्याओं से पीड़ित मरीजों का पूरी तरह से निःशुल्क उपचार किया जाएगा।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत राज्य सरकार के आयुर्वेद विभाग द्वारा संचालित शिविर में मरीजों को भर्ती कर विशेषज्ञों द्वारा क्षार सूत्र पद्धति से नाड़ी व्रण रोगों का इलाज, स्त्री रोग जैसे श्वेत प्रदर, रक्त प्रदर, कटि शूल, कष्टार्तव, रक्ताल्पता, दौर्बल्य आदि का भी निःशुल्क उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही, मौसमी बीमारियों जैसे सामान्य ज्वर, आन्त्रिक ज्वर, कास, श्वास, प्रतिश्याय एवं वातरोग (गठिया, बाय) की उपचार सुविधा उपलब्ध होगी। शिविर में अग्निकर्म, रक्तमोक्षण पंचकर्म इत्यादि अन्य आयुर्वेद की विधाओं द्वारा भी अन्य रोगों से ग्रसित रोगियों को भी यथासंभव लाभान्वित किया जाएगा। आम लोगों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति द्वारा स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिविर में भर्ती रोगियों के लिए भोजन, बिस्तर एवं दवाइयों की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
bhavtarini.com@gmail.com
