वर्चुअल रैली में बोले सुशील मोदी- बिहार का मजदूर गरीब जरूर है लेकिन चोर नहीं

वर्चुअल रैली में बोले सुशील मोदी- बिहार का मजदूर गरीब जरूर है लेकिन चोर नहीं

 पटना 
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जनसंवाद रैली को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विपक्षियों पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार का मजदूर गरीब जरूर है लेकिन चोर नहीं है। बीजेपी रविवार को देश के इतिहास की पहली वर्चुअल रैली से अपने कार्यकर्ताओं से जनसंवाद कर रही थी। इस रैली को देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि यह चुनावी रैली है लेकिन मैं बता देना चाहता हूं कि यह सिर्फ और सिर्फ जनसंवाद रैली है। हम अपने कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए यहां मौजूद हैं।

इस वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि विपक्ष कह रहा है कि उनका सिद्धांत लालूवाद का है। एनडीए का सिद्धांत विकासवाद है। लालूवाद अपहरण का, पलायन का, नरसंहार का, अंधेरे का, घोटाले, भ्रष्टाचार, चरवाहे विद्यालय का प्रतीक है। यह लालूवाद बनाम विकासवाद की लड़ाई है। इस कैंपेन से हड़कंप मच गया है। विपक्ष थाली बजा रहा है। जब रियल रैली होगी तो थाली नहीं इनकी छाती फट जाएगी।
 
पीएम ने लॉकडाउन लागू कर लाखों लोगों को बचाया
डिप्टी सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने समय रहते लॉकडाउन घोषित करके लाखों लोगों की जान बचा ली। पीएम ने दुनिया को दवाएं दीं तो देश में करीबों को अनाज और खाते में नकदी दी। नरेंद्र मोदी यदि चीन से आंख से आंख मिलाकर बात करना जानते हैं तो बिहार की 2 करोड़ करीब महिलाओं के खातों में पैसा पहुंचाना भी जानते हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि हमारे लाखों श्रमिकों भाइयों को घर पहुंचाना चुनौती थी। पीएम मोदी की सरकार ने 1500 से ज्यादा ट्रेनें चलाकर 21 लाख  लोगों को घर पहुंचाया। कोटा से विद्यार्थियों को लेकर आए। बिहार में 14 लाख लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया। जिन्हें थाली, कपड़े से लेकर सभी को एक हजार रुपए का जरूरत का सामान और 1 हजार रुपए नकदी दे रहे हैं।