पुलिस जांच में जुटी, बेतिया में पेट्रोल पंप कर्मियों से 11 लाख की लूट

पुलिस जांच में जुटी, बेतिया में पेट्रोल पंप कर्मियों से 11 लाख की लूट

बेतिया 
बिहार के बेतिया में सुप्रिया रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से सोमवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने 11 लाख 5 हजार रुपये लूट लिये। दो पंपकर्मी रुपये लेकर बाइक से एसबीआई की मुख्य शाखा में जमा करने जा रहे थे। रास्ते में पिस्तौल के बल पर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा ने बताया कि पेट्रोल पंप के कर्मी बाइक से झोला में रुपये लेकर जा रहे थे। पुलिस की एक विशेष टीम बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। 

नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर पिछले एक सप्ताह का कैश मौजूद था। पर्व में बैंक बंद होने के कारण रुपये जमा नहीं हुआ था। सोमवार को पंप के दो कर्मी ललन सिंह व महेश सिंह रुपये लेकर शांतिनगर के रास्ते एसबीआई की मुख्य शाखा में जाने के लिए निकले। बाइक ललन सिंह चला रहे थे। जबकि पीछे बैठे महेश सिंह के पास झोले में 11 लाख 5 हजार रुपये रखा हुआ था। 

सुप्रिया रोड से जैसे ही दोनों कर्मी शांति नगर स्थित विकास मैग्जिन दुकान की तरफ जाने वाली गली में घुसे तो रास्ते में एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें पिस्तौल के बल पर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने पीछे बैठे महेश सिंह के हाथ से रुपये से भरा थैला छीन लिया। घटना को अंजाम दे बदमाश शांतिनगर में प्रवेश कर गए। पंपकर्मियों की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष, मुफस्सिल थानाध्यक्ष व तकनीकी सेल की टीम मौके पर पहुंच छानबीन कर रही है।