नीतीश कुमार ने किया ऐलान,'ये मेरा अंतिम चुनाव'

नीतीश कुमार ने किया ऐलान,'ये मेरा अंतिम चुनाव'

पूर्णिया
 बिहार विधानसभा चुनाव 2020 (Bihar Election 2020) के तीसरे और आखिरी चरण के मतदान के लिए गुरुवार को प्रचार का आखिरी दिन है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान कर दिया। पूर्णिया में नीतीश कुमार ने जनता से आशीर्वाद देने की भावुक अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव मेरा आखिरी चुनाव है, अंत भला तो सब भला।


चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा, "आज चुनाव का आखिरी दिन है और परसों चुनाव है, ये मेरा आखिरी चुनाव है। अंत भला तो सब भला। अब आप बताएये इनको वोट दीजिएगा या नहीं। हाथ उठाकर बताइए।"

बता दें कि नीतीश कुमार ने साल 1977 में अपना पहला चुनाव लड़ा था। उन्होंने नालंदा के हरनौत से चुनाव लड़ा। यहां से नीतीश कुमार चार बार चुनाव लड़े। जिसमें उन्हें 1977 और 1980 में हार मिली, जबकि 1985 और 1995 के चुनाव में नीतीश कुमार ने जीत दर्ज की थी।

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए गुरुवार को 15 जिलों की 78 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।