कोरोना लॉकडाउन: बाहर फंसे लोगों को सहायता राशि देने में बिहार अव्वल
पटना
लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे अपने राज्य के लोगों को सहायता राशि देने में बिहार पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बाहर फंसे बिहार के लोगों को एक-एक हजार सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भुगतान की योजना का शुभारंभ किया। पहले दिन ही एक लाख तीन हजार 579 लोगों के खाते में एक-एक हजार भेजा गया, जो कुल राशि दस करोड़ 35 लाख 79 हजार हुई।
मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच कर अन्य सभी लाभुकों के खाते भी में यह राशि जल्द भेजी जाए। दूसरे राज्यों में फंसे बिहार के लोगों के अब तक दो लाख 84 हजार 674 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों के प्राप्त होने का क्रम जारी है। मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन के कारण बिहार के जो लोग अन्य राज्यों में फंसे हुए हैं, उन्हें प्रति व्यक्ति एक हजार विशेष सहायता के रूप में मुख्यमंत्री राहत कोष से देने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री सचिवालय एवं बिहार भवन के हेल्पलाइन नंबर पर तथा आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार के नियंत्रण कक्ष के दूरभाष पर बाहर फंसे लोगों द्वारा सूचना दी गई थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन सभी लोगों से मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा दूरभाष के माध्यम से फीडबैक लिया गया। पता चला कि लॉकडाउन में फंसे लोग संकट से गुजर रहे हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रति व्यक्ति एक हजार देने का निर्णय लिया था। बाहर फंसे जिनलोगों ने सूचनाएं दी थीं, उनके मोबाइल पर एसएमएस से आपदाडॉटबीआई एचडॉटएन आईसीडॉटइर्न ंलक भेजा गया था। उसके आलोक में बाहर फंसे लोगों की विवरणी प्राप्त हुई। बेवसाइट से भी एप डाउनलोड कर भी काफी लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया।
विभिन्न राज्यों से प्राप्त हुए आवेदन
राज्य आवेदन
दिल्ली 55,264
हरियाणा 41,050
महाराष्ट्र 30,576
गुजरात 25,638
उत्तर प्रदेश 23,832
पंजाब 15,596
कर्नाटक 15,428
तमिलनाडु 11,914
राजस्थान 11,773
पश्चिम बंगाल 9,527
तेलंगाना 7,245
मध्य प्रदेश 5,690
झारखंड 5,359
आंध्रप्रदेश 3,991
केरल 3,087
असम 3,070
ओडिशा 2,714
उतराखंड 2,544
हिमाचल प्रदेश 2,519
छतीसगढ़ 1,956
चंडीगढ़ 1,249
जम्मू-कश्मीर 885
गोवा 834
लक्षद्वीप 08
दमन एवं दीव 524
नगालैंड 381
सिक्किम 254
मेघालय 230
मणिपुर 145
त्रिपुरा 124
मिजोरम 68
पुडुचेरी 56
अरुणाचल प्रदेश 256
दादर नागर हवेली 752
अंडमान-निकोबार 135
bhavtarini.com@gmail.com 
