स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीन का दूसरा डोज आज से

स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीन का दूसरा डोज आज से

पटना 
बिहार में पहले चरण के स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना टीका के दूसरे डोज के लिए अभियान सोमवार से शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि बिहार में सोमवार को सिर्फ दूसरे डोज को ही दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक संख्या में टीकाकृत कर्मियों का टीकाकरण कार्य पूरा किया जा सके। 

गौरतलब है कि 16 जनवरी को राज्य में पहला डोज दिया गया था और 28 दिनों के बाद दूसरा डोज दिया जाना निर्धारित है। पहले चरण के टीकाकरण से जुड़े 4.62 लाख स्वास्थ्यकर्मियों ने निबंधन कराया था। इसमें 3 लाख 96 हजार 740 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका का पहला डोज लिया है। इन सभी कर्मियों को सोमवार से ही कोरोना टीका दूसरा डोज दिया जाना है। इनमें पहले दिन 16 जनवरी से जैसे-जैसे कोरोना टीका का पहला डोज जिन्हें मिला है, उन्हें ही दूसरा डोज आने वाले दिनों में दी जाएगी। इसके लिए सभी टीकाकृत व्यक्तियों को मैसेज भी भेजे जाएंगे। 

 राज्य स्वास्थ्य समिति के अनुसार शनिवार तक राज्य में कुल 4 लाख 89 हजार 449 कर्मियों का कोरोना टीकाकरण हुआ है। इनमें स्वास्थ्यकर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं। इनमें 4 लाख 69 हजार 615 कर्मियों को कोविशील्ड एवं 19,834 को कोवैक्सीन का वैक्सीन दिया गया है। अबतक संचालित टीकाकरण अभियान के दौरान 89 कर्मियों ने स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें बतायी। हालांकि, चिकित्सकों की देखरेख में रहने के बाद वे स्वस्थ हो गए।