श्रावण महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय ख्याती प्राप्त कलाकारों को बुलाने की तैयारी

उज्जैन
सबकुछ ठीक रहा तो इस वर्ष श्रावण महोत्सव में नगरवासियों को प्रसिद्घ सरोदवादक अमजदअली खान, प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर तथा 70 के दशक की ख्यात अभिनेत्री एवं नृत्यांगना वैजंती माला की प्रस्तुति देखने व सुनने का अवसर प्राप्त हो सकता है। मंदिर समिति कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याती प्राप्त कलाकारों को बुलाने की तैयारी कर रही है।

ज्योतिर्लिंग महाकाल में 29 जुलाई से श्रावण महोत्सव की शुरुआत होगी। इस बार गीत, संगीत व नृत्य की कला त्रिवेणी से सजी छह शामें आयोजित होंगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याती प्राप्त कलाकरों के साथ स्थानीय कलाकार भी मंच साझा करेंगे। हालांकि आयोजन में 24 दिन ही शेष बचे हैं और अभी तक तैयारी नजर नहीं आ रही है। जिन कलाकारों ने आवेदन किए हैं। उनका चयन करने के लिए समिति की बैठक तक नहीं हुई है।

समय काफी कम

इतने कम समय में कलाकारों को आमंत्रण भेजना, उनकी स्वीकृति प्राप्त होना आदि कई काम है जो बाकी हैं। सूत्र बताते हैं अफसर अंतरराष्ट्रीय ख्याती प्राप्त कलाकारों को बुलाने के लिए स्थानीय कलाकारों से विचार विमर्श कर रहे हैं। चर्चा में जो नाम सामने आए हैं उनमें प्रसिद्घ सरोदवादक अमजदअली खान, फिल्म अभिनेत्री व नृत्यांगना वैजंतीमाला, प्रसिद्घ गायक कैलाश खेर आदि के नाम शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय संगीत में महारथ रखने वाले कुछ विदेशी कलाकारों को बुलाने की योजना भी है।