रेल मंत्रालय का बयान, जमालपुर का रेल संस्थान लखनऊ नहीं जाएगा
पटना
भारतीय रेलवे इंस्टीट्यूट फॉर मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग यानी इरिमी को जमालपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने को लेकर रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जमालपुर से इस संस्थान को स्थानांतरित करने की कोई योजना नहीं है। रेल मंत्रालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि संस्थान को यूपी ले जाने का दावा गलत और भ्रामक है।
उल्लेखनीय है कि इरिमी को जमालपुर से स्थानांतरित किए जाने की आ रहीं खबरों के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसको लेकर रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा था, जिसके बाद रेलवे से यह स्पष्टीकरण आया है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि इसके लिए रेल मंत्रालय की मंजूरी नहीं है। रेल मंत्रालय ने इरिमी की गतिविधियों को बढ़ाने की योजना बनाई है। मंत्रालय की मानें तो वहां परिवहन प्रौद्योगिकी प्रबंधन में शैक्षिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जमालपुर के इस संस्थान में एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के साथ शुरू होने वाले अतिरिक्त शैक्षिक कार्यक्रम आरंभ करने की योजना है। इसके लिए पाठ्यक्रम विकास और डिजाइन का काम चल रहा है। भारतीय रेलवे ने कहा है कि इरिमी के इतिहास और विरासत पर गर्व है।
वर्तमान स्थल पर ही रहेगा : रेलवे
रेलवे ने कहा है कि इरिमी के वर्तमान स्थान से स्थानांतरित करने का कोई सवाल ही नहीं है। भारत में विशेष रूप से रेलवे और सामान्य रूप से परिवहन क्षेत्र में बड़े विकास और परिवर्तन देखे जा रहे हैं। रेलवे ने साफ किया है कि जबलपुर में इरिमी जैसे एक अत्यंत विकसित प्रशिक्षण और शैक्षिक संस्थान की सुविधा न केवल रेल कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि बिहार और पड़ोसी क्षेत्रों के युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाली व्यावसायिक शिक्षा और कौशल भी प्रदान करेगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
