भागलपुर में पति की हत्या के 3 माह बाद पत्नी की भी गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद संदिग्ध
गोराडीह (भागलपुर)।
बिहार के भागलपुर में तीन माह पहले पति की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अपराधियों ने पत्नी की भी गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के वादे हसनपुर गांव में शनिवार देर रात की है। बदमाशों ने घर में सो रही 50 वर्षीया इंदु देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर लोगों की नींद खुली। जबतक बाहर आये तब तक बदमाश भाग चुके थे। डीएसपी ने हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाने का दावा किया है।
घटना के बाद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और महिला के घर के पास एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति एक हाथ में केरोसिन का डिब्बा और दूसरे हाथ में रस्सी लेकर महिला के घर की तरफ जाते दिख रहा है। फुटेज में वह 12.05 बजे जाते और 1.21 बजे तेजी से बाहर आते दिख रहा है। पुलिस ने कहा कि महिला जहां सोयी थी, उस जगह केरोसिन का गंध आ रहा था। फुटेज में महिला के चिल्लाने की भी आवाज आ रही है। इससे शंका व्यक्त की जा रही है कि बदमाश उसकी हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रहे थे। जब महिला चिल्लाते हुए घर से बाहर भागने लगी तो उसे जलाने में बदमाश सफल नहीं हुआ। इसके बाद भागने के दौरान महिला को घर के बाहर गोली मार दी। जिस जगह महिला की हत्या की गयी है, वहां एक इमरजेंसी लाइट पड़ा मिली है।
रविवार सुबह बड़े बेटे के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रविवार सुबह डीएसपी नेशार अहमद शाह गांव पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। दोपहर में फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सेंपल लिया। डीएसपी ने बताया कि अनुसंधान में जो भी आरोपी हैं, पकड़े जाएंगे। उसकी जल्द गिरफ्तारी होगी। लोगों ने बताया कि महिला को दो पुत्र एवं एक पुत्री है। दो दिन पहले बड़ा बेटा गौतम बहू को लेकर ससुराल गया था। छोटा बेटा प्रवेश हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता है और बेटी ननिहाल में रहती है।
bhavtarini.com@gmail.com 
