भागलपुर के लापता युवक का नदी में मिला शव, हत्या की आशंका
भागलपुर
भागलपुर जिले में जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफापुर के समीप चांदन नदी से बुधवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से निकालकर अपने कब्जे में लिया। पहले तो काफी देर तक शव की पहचान नहीं हुई लेकिन बाद में पुलिस ने जब छानबीन की तो उसकी पहचान हुई। बरामद शव की पहचान मोहदीपुर के 21 वर्षीय युवक दिलखुश कुमार के रूप में की गई।
हलांकि दिलखुश मूल रूप से अमरपुर थाना के डाउडबाटी का रहने वाला है। लेकिन बचपन से ही वह अपने ननिहाल मोहदीपुर में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि वह एक जनवरी से ही घर से लापता था। उस समय उसकी काफी खोजबीन की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। जिसको लेकर दो दिन पहले परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। घटना कैसे हुई इसको लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देर शाम तक शव को पोस्टमार्टम के लिये नहीं भेजा जा सका था। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवक की मौत डूबने से हुई है या उसकी हत्या की गई है।
bhavtarini.com@gmail.com 
