बिहार विधानसभा के तीसरे चरण की 78 सीटों के लिए होने वाले चुनाव, तीनों चरणों के लिए कुल 3738 प्रत्याशी मैदान में
पटना
बिहार विधानसभा के तीसरे चरण की 78 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में 41 द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद 1208 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। बिहार में तीसरे चरण के लिए 1411 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिसमें 162 रद्द कर दिए गए और जांच में 1249 वैध पाए गए थे। वहीं,पहले चरण में 16 जिलों में 71 सीटों के लिए कुल 1066, जबकि दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों के लिए 1464 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। इस तरह, विस की सभी 243 सीटों के लिए कुल 3738 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इसके अलावा तीसरे चरण के साथ ही होने वाले वाल्मीकिनगर संसदीय उपचुनाव को लेकर सात उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया इसलिए सभी सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। तीसरे चरण के चुनाव क्षेत्रों में सात नवंबर को मतदान होगा और 10 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।
तीसरे चरण में गायघाट में सर्वाधिक 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तीसरे चरण के गायघाट में सर्वाधिक 31 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहां 33 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था, जिसमें दो नामांकन पत्र जांच में रद्द कर दिए गए थे। इसके बाद किसी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। मुजफ्फरपुर में 28, समस्तीपुर में 26, चिरैया और खजौली में 24-24 एवं महुआ में 23 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं, सबसे कम नौ उम्मीदवार चार अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव मैदान में हैं। इनमें ढाका, त्रिवेणीगंज, जोकिहाट व बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र शामिल है। वहीं, लौरिया, ठाकुरगंज,आलमनगर, सिंहेश्वर, हायाघाट में 10-10, रामनगर, सुपौल, अमौर, मनिहारी, सकरा, कल्याणपुर व सरायरंजन में 11-11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
चरण जिले विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी
पहला 16 71 1066
दूसरा 17 94 1464
तीसरा 15 78 1208
bhavtarini.com@gmail.com 
