बिहार में कोरोना से छठी मौत, दिल्‍ली से पटना लौटा था, पीएमसीएच में चल रहा था इलाज

बिहार में कोरोना से छठी मौत, दिल्‍ली से पटना लौटा था, पीएमसीएच में चल रहा था इलाज

पटना 
बिहार में कोरोना वायरस से संक्रमित एक और मरीज की रविवार को मौत हो गई। मृतक दिल्ली से पटना लौटा था। कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसे पीएमसीएच में भर्ती किया गया था। अब तक बिहार में कोरोना से कुल 6 मौत हो चुकी है।

अभी तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार मृतक पटना के बेलछी का रहने वाला था। उसकी उम्र करीब 60 साल थी। बाढ़ के बेलछी प्रखंड के पैगंबरपुर का 60 वर्षीय शख्स कोरोना पॉजिटिव निकला। इलाज के लिए 8 मई को बेलछी से पीएमसीएच भेजा गया था। उसे बेलछी के मुर्तजापुर गांव के क्वारंटाइन सेंटर से पीएमसीएच भेजा गया था। रविवार को इलाज के दौरान पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई।

बिहार में कोरोना से सबसे पहली मौत मुंगेर निवासी सैफ अली की पटना के एम्स में इलाज के दौरान हो गई थी। इसके बाद वैशाली, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और सासाराम के एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई।

बिहार में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 646 हुई

बिहार में रविवार को 17 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। बिहार स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पटना में 3, गया में 2, अरवल में 3, अररिया में 1 और किशनगंज में 8 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। बिहार में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 646 हो गई है। बिहार के कुल 38 में से 37 जिलों में कोरोना का प्रभाव हो गया। वर्तमान में सिर्फ जमुई ही एकमात्र ऐसा जिला है जहां अबतक एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है।