बिहार की जनता को ठगने के लिए बना महागठबंधन : भाजपा

बिहार की जनता को ठगने के लिए बना महागठबंधन : भाजपा

पटना                                                                     
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजीव रंजन ने महागठबंधन में एक-दूसरे को ठगने का आरोप लगाया है। कहा कि महागठबंधन में घमासान मचा है। बिना किसी विचारधारा और आपसी विश्वास के गठबंधनों का क्या हश्र होता है, यह  महागठबंधन को देख कर पता चलता है।

मंगलवार को जारी बयान में प्रवक्ता ने कहा कि एक-दूसरे के खिलाफ काम करने वाले आज महागठबंधन में शामिल हैं। यह ठगबंधन सिर्फ और सिर्फ जनता को ठगने के लिए बना है। लेकिन, जनता की समझदारी ने इनके मंसूबों पर पानी फ़ेर दिया। स्वार्थ और अवसरवादी राजनीति के सबसे बड़े प्रतीक बने इस ठगबंधन के नेताओं में शुरुआत से ही सांप और नेवले सरीखी दुश्मनी रही है। 

उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले ऐसा कोई दिन नहीं बीतता था जब ये नेता एक-दूसरे के खिलाफ नहीं बोलते थे। सत्ता के लालच में और अपना अस्तित्व बचाने की मजबूरी ने भले ही इन नेताओं को एक साथ रहने को मजबूर कर दिया लेकिन इनकी पीठ पर वार करने की आदत नहीं गई। इनकी राजनीति एक-दूसरे की जड़ खोदने से शुरू और समाप्त हो जाती है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, इनका घमासान और बढ़ता जाएगा। दावा किया कि चुनाव आने तक इनका कुनबा खंड-खंड होकर बिखर जाएगा।