पशुपालन विभाग ने लिया फैसला, प्रदेश में है 2 लाख 43 हजार गोवंश

पशुपालन विभाग ने लिया फैसला, प्रदेश में है 2 लाख 43 हजार गोवंश

भोपाल
प्रदेश में गायों के चारे पर संकट छाने लगा है। ऐसे में प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग ने महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए गो ग्रास के संरक्षण का फैसला लिया है। सरकार ने गो ग्रास के उपयोग में आने वाले भूसे के निर्यात व औद्योगिक उपयोग पर रोक लगा दी है। गौरतलब है कि उद्योगों में ईंधन के रूप में भूसे का उपयोग होता है। प्रतिवर्ष गेहूं की फसल आने के बाद उद्योग व्यवसाय से जुड़े लोग भूसे की खरीदी कर लेते हैं। इससे गोवंश के लिए खाद्यान्न का संकट उत्पन्ना हो जाता है।

ऐसे में इस मामले में पशु पालन व डेयरी विभाग के अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया ने भूसे के निर्यात व औद्योगिक उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। पत्र में मुख्य सचिव ने कहा है कि प्रदेश की गोशालाओं में 2 लाख 43 हजार गोवंश हैं। राज्य सरकार द्वारा गोशालाओं में चारे व भूसे के लिए अनुदान दिया जाता है। गोशाला संचालक सही समय पर भूसे का क्रय व भंडारण सुनिश्चित कर लें।

परमहंस संत डा.अवधेशपुरी महाराज व अन्य साधु संतों ने इस मामले को उठाया था। इसको लेकर संतों ने चार दिन पहले पशुपालन मंत्री को पत्र लिखकर गोवंश के लिए भूसे का संरक्षण करने की मांग भी की थी।