पप्‍पू यादव ने किया तंज-क्‍या सिर्फ बिहार में लगेगी कोरोना वैक्‍सीन, देश में नहीं मिलेगी

पप्‍पू यादव ने किया तंज-क्‍या सिर्फ बिहार में लगेगी कोरोना वैक्‍सीन, देश में नहीं मिलेगी

 पटना  
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गुरुवार को जारी किए अपने संकल्‍प पत्र में कोरोना की वैक्‍सीन बिहार में मुफ्त लगवाने का वादा किया है। इस वादे पर बिहार का सियासी माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस ने इसे वोटों के लिए मौत का डर दिखाने की कोशिश करार दिया है। मामले की शिकायत चुनाव आयोग तक भी पहुंची है वहीं जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्‍पू यादव ने भाजपा के इस वादे पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि वैक्सीन पर जिस तरह से बोला गया है वो गलत है, चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेना चाहिए। 

पप्‍पू यादव ने कहा कि क्या कोरोना की वैक्‍सीन बिहार में ही। देश में वैक्सीन नहीं मिलेगी। गौरतलब है कि भाजपा ने अपने विजय डाक्यूमेंट में सबसे पहले कहा है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में बिहार की एनडीए सरकार ने देश के सामने मिसाल रखी है। हमारा संकल्प है कि जैसे ही कोरोना का टीका आईसीएमआर द्वारा स्वीकृत होने के बाद उपलब्ध होगा, हर बिहारवासी का निशुल्क टीकाकरण करेंगे।

भाजपा की इस घोषणा पर सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हमला किया। आरजेडी ने ट्वीट करते हुए कहा कि - कोरोना का टीका देश का है, भाजपा का नहीं! टीका का राजनीतिक इस्तेमाल दिखाता है कि इनके पास बीमारी और मौत का भय बेचने के अलावा कोई विकल्प नहीं है! बिहारी स्वाभिमानी हैं, चंद पैसों में अपने बच्चों का भविष्य नहीं बेचते! 

तेजस्वी के बाद कांग्रेस भी हमलावर हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा लोगों को मौत का डर दिखा रही है। कोरोना वैक्सीन देने के नाम पर बरगला रही है। सूरजेवाला ने कहा कि कोरोना महामारी की वैक्सीन मजाक उड़ाने का झूठ बोलने का विषय नहीं हो सकता है।