पटना एम्स में आज से सामान्य ओपीडी सेवाएं शुरू
पटना
कोरोना महामारी से राहत के बाद एक और बड़ी राहत! एम्स पटना में आज यानी सोमवार से ओपीडी सेवाएं पहले की तरह संचालित हो रही है। इसमें आनेवाले सभी मरीजों का रजिस्ट्रेशन होगा और उन्हें डॉक्टर देखेंगे। मरीजों की अधिक संख्या होने के बावजूद बिना इलाज के किसी को नहीं लौटाया जाएगा। इलाज के लिए आनेवाले मरीजों का रजिस्ट्रेशन सुबह के 8:30 बजे से शुरू होगा। सुबह 9:00 बजे से शाम पांच बजे तक ओपीडी में डॉक्टर बैठेंगे।
ओपीडी के साथ सभी पैथोलॉजी व जांच की सुविधाएं भी सोमवार से मरीजों को मिलने लगेंगी। एम्स अधीक्षक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि पिछले सात महीने से एम्स कोरोना डेडिकेटेड अस्पताल के रूप में संचालित था। पिछले महीने ही सीमित संख्या में ओपीडी सेवाएं शुरू की गई थीं। उसमें फोन पर नंबर लगाकर ही मरीजों को आना था। लेकिन अब सोमवार से मरीजों को पहले से नंबर लेने की जरूरत नहीं होगी। वे ओपीडी के लिए निर्धारित समय के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। बताया कि ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाएं अभी शुरू नहीं की जा रही हैं। अगले कुछ दिनों में उसे भी संचालित करने संबंधी निर्णय लिया जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
