दिल्ली में FIR दर्ज, राजधानी एक्सप्रेस में बीजेपी सांसद की पत्नी के 3 लाख उड़ाए

दिल्ली में FIR दर्ज, राजधानी एक्सप्रेस में बीजेपी सांसद की पत्नी के 3 लाख उड़ाए

पटना 
पटना से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के वीआईपी कोच में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ट्रेन के वीआईपी कोच में मुजफ्फरपुर से बीजेपी के सांसद अजय निषाद की पत्नी व हाजीपुर नगर परिषद की पूर्व चेयरमैन रमा निषाद के बैग समेत उसमें रखे तीन लाख रुपये चुराकर शातिर भाग गये। यह घटना पटना से नई दिल्ली जाने के दौरान कानपुर में घटी। बताया गया है कि घटना के वक्त सांसद भी उसी कोच में सवार थे। बैग चोरी होने के बाद उनकी ओर से नई दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। 

बताया गया है कि रमा निषाद राजधानी एक्सप्रेस से अपने पति व सांसद के साथ दिल्ली जा रही थीं। कानपुर के आसपास ट्रेन पहुंचने पर शातिर उनका बैग चुरा लिये। रात करीब ढाई जब वह बाथरूम के लिए गईं तो वापस आने के बाद सीट से उनका बैग गायब मिला। 

दिल्ली में दर्ज कराई एफआईआर में रमा निषाद ने कहा है कि पति के बीमार होने के बाद वे इलाज के सिलसिले में तीन लाख रुपये लेकर दिल्ली जा रहीं थीं। उनके परिवार में शादी भी है। इसलिए कपड़े व जरूरी सामान भी खरीदने थे। उन्होंने बताया है कि वीआईपी कोच में महिला यात्री के संग ऐसी घटना न हो, इसका रेलवे मंत्रालय को ध्यान रखना चाहिए।