दंतेवाड़ा: मुठभेड़ में एक जवान घायल, तीन नक्सलियों के मारे जाने का दावा

दंतेवाड़ा

छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा से बड़ी खबर है. दंतेवाड़ा में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है.  मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है. इसके अलावा तीन नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है. नक्सलियों के शव भी बरामद करने की बात कही जा रही है. इसके अलावा कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है.

दंतेवाड़ा एसपी कमल लोचन कश्यप ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. मिली जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में डब्बा की पहाड़ियों पर सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है. मुठभेड़ में नक्सलियों के मारे जाने के साथ ही हथियार बरामद होने की भी खबर है. सुरक्षा बलों को बैकअप के लिए अतिरिक्त फोर्स भी भेजी गई है. नक्सलियों के शव के साथ तीन बंदूक भी बरामद की गई है.

गौरतलब है कि बीते रविवार से गुरुवार तक बस्तर के अलग-अलग जिलों में भी पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ों में पुलिस ने सुकमा में तीन, बीजापुर में एक और नारायणपुर में दो नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है. इसके अलावा दुर्ग संभाग के राजनांदगांव जिले के जंगलों में भी पुलिस और नक्सलियों बीच मुठभेड़ हुई है, इसमें नक्सल सामग्रियां बरामद की गईं हैं.