तीन महीने में दस करोड़ घट गए डेबिट कार्डधारक
चेन्नई
देश में डेबिट कार्डधारकों में आश्चर्यजनक रूप से दस करोड़ की कमी आई है। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, यह गिरावट मार्च से मई के बीच तीन महीनों में देखने को मिली है। देश में अब डेबिट कार्ड की संख्या 92.4 करोड़ से घटकर 82.4 करोड़ के करीब रह गई है। मैग्नेटिक कार्डों का चिप आधारित कार्ड में बदलने से भी कार्डधारकों में कमी आई है, क्योंकि बहुत सारे लोगों ने कार्ड नवीनीकरण नहीं कराया है।
वहीं कुछ बैंकों के विलय के बाद भी डेबिट कार्डधारकों की संख्या पर असर पड़ा है। हाल ही में बैंक ऑफ बड़ौदा में विजया और देना बैंक का विलय हुआ है। वहीं पंजाब नेशनल बैंक के डेबिट कार्डधारक सबसे ज्यादा कम हुए हैं। पीएनबी के डेबिट कार्डधारक पांच करोड़ घट गए हैं। बैंक ऑफ इंडिया के 2.2 करोड़ और एसबीआई के 1.9 करोड़ कार्डधारक घटे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आरबीआई ने सिर्फ सक्रिय कार्डों की संख्या ली है, ऐसे में कार्ड में बदलाव के बाद दोबारा यह तादाद बढ़ सकती है।
क्रेडिट कार्डधारकों की संख्या इन तीन महीनों में करीब दस लाख बढ़कर पांच करोड़ पहुंच गई है। देश में क्रेडिट कार्ड की संख्या एक साल में 3.86 करोड़ से बढ़कर 4.89 करोड़ तक पहुंच गई है। क्रेडिट कार्डधारकों में सबसे ज्यादा एचडीएफएसी के हैं, जिसके 1.25 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ता हैं। वहीं एसबीआई और एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्डधारक भी क्रमश : 87 लाख और 62 लाख है।
bhavtarini.com@gmail.com 
