कोरोना सैंपल जांच में लापरवाही, PMCH के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष निलंबित
पटना
बिहार स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के सैंपल की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ़ सत्येंद्र नारायण सिंह को निलंबित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पीएमसीएच के माइक्रोबायोलजी विभाग के अध्यक्ष डॉ़ सत्येंद्र नारायण सिंह को कोरोनावायरस के नमूने में जांच में सहयोग नहीं करने तथा कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में कोरोनावायरस की जांच चार अस्पतालों में की जा रही है, जिसमें से एक पीएमसीएच भी है। बिहार में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। इसको लेकर सभी अस्पतालों में दो पालियों में नमूनों की जांच की जा रही है। कोरोना को लेकर सरकार ने पहले ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। बिहार में अब तक कोरोना के 51 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।
सीवान बना हॉटस्पॉट
बिहार में कोरोना तेजी से फैलने लगा है। बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या में आज भारी इजाफा हुआ है। संख्या बढ़कर 51 पर पहुंच गई है। आज 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने इसकी पुष्टि की है। बेगूसराय के दो पुरुषों में कोरोना पॉजिटिव का रिपोर्ट पाया गया है। बिहार के सीवान जिले में ही अभी तक कुंल 20 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं, जिनमें 14 लोग एक ही परिवार के शामिल हैं। बिहार में सीवान हॉटस्पॉट बन चुका है।
bhavtarini.com@gmail.com 
