कोरोना से जंग: बिहार में कोरोना जांच और होगा तेज, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भेजा 6240 रैपिड टेस्ट किट

कोरोना से जंग: बिहार में कोरोना जांच और होगा तेज, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भेजा 6240 रैपिड टेस्ट किट

पटना 
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण की जांच और तेज करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने 6240 रैपिड टेस्ट किट बिहार को पहली किस्त के तौर पर भेजा है। इससे जांच में पहले की अपेक्षा और तेजी आएगी। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने शनिवार को बताया कि केंद्र सरकार ने पहली किस्त के रूप में दोपहर में 6240 रैपिड टेस्ट किट उपलब्ध कराए हैं। यह एक एंटीबॉडी आधारित किट है। विभाग इसके उपयोग के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार कर रहा है।

केंद्र ने सभी राज्यो को भेजा किट
प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने कोरोना टेस्ट में तेजी लाने के लिए कई राज्यों को रैपिट टेस्ट किट फ्लाइट से भेजा है। शुक्रवार को आंध्र प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों को कोरोना संक्रमण के हिसाब से इसे भेजा गया है। 

गौरतलब है कि बिहार सरकार ने 50 हजार रैपिड एंटीबॉडी किट की खरीद के लिए बीएमएसआईसीएल के माध्यम से टेंडर जारी किया है। इस किट से 10 मिनट में निगेटिव-पॉजिटिव की जानकारी मिल जाती है। इसके अलावा इस जांच से संदिग्ध मरीज की इम्युनिटी की भी जानकारी मिल जाती है। बिहार में वर्तमान में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 86 है। जिसमें 37 लोग ठीक हो चुके है और 2 लोगों की मौत हो चुकी है। 

पटना में कोरोना से दूसरी मौत

कोरोना संक्रमित एक और मरीज की शुक्रवार को इलाज के दौरान पटना एम्स में मौत हो गई। वैशाली के राघोपुर निवासी नवल किशोर राय की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। दो साल से बीमार चल रहे नवल को इलाज के दौरान कब संक्रमण हुआ, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। संक्रमित के संपर्क में आए एक सौ से अधिक लोगों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। अब प्रशासन जांच रिपोर्ट के इंतजार में है। हालांकि इलाज के दौरान हमेशा साथ रहने वाले नवल के परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट पटना एम्स की जांच में निगेटिव आई है।