ऑटो के किराये में 3 रुपये तक की वृद्धि , पटना में सफर करना हुआ महंगा

ऑटो के किराये में 3 रुपये तक की वृद्धि , पटना में सफर करना हुआ महंगा

पटना 
राजधानी पटना में ऑटो से सफर करना सोमवार से महंगा हो जाएगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हो रही वृद्धि के मद्देनजर ऑटो के किराये में 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। यानी अब ऑटो से पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने में 10 रुपये के बदले 13 रुपये देने होंगे। इससे यात्रियों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। 

ऑटो चालक संघों की मांग पर बिहार परिवहन प्राधिकार ने ऑटो का किराया निर्धारित कर दिया है। डीटीओ ने बताया कि सोमवार को इस संबंध में पत्र भी जारी कर दिया जाएगा। बिहार राज्य ऑटो रिक्शा टेंपो चालक संघ के उपाध्यक्ष नवीन मिश्रा ने बताया कि साल 2013 के बाद सरकार की ओर से ऑटो का किराया निर्धारित नहीं किया गया था। सरकार ने 30 प्रतिशत ऑटो का किराया बढ़ाया है, लेकिन हम आम लोगों की आर्थिक परेशानी को देखते हुए प्रति स्टॉपेज 1 से 3 रुपये किराया बढ़़़ाएंगे। पत्र मिलने के बाद यात्रियों से बढ़ा किराया वसूला जाएगा। 

पटना में चलते हैं 20 हजार ऑटो
राजधानी पटना की सड़कों पर कुल 32 हजार ऑटो चलते हैं। इनमें 17 हजार डीजल व 15 हजार पेट्रोल चालित ऑटो शामिल हैं। इन ऑटो का परिचालन हनुमाननगर से पटना जंक्शन, कंकड़बाग से पटना जंक्शन, पटना जंक्शन से बोरिंग रोड चौराहा, पटना जंक्शन से राजापुर पुल, पटना जंक्शन से पाटिलपुत्र, हड़ताली मोड़, आशियाना, गर्दनीबाग, पटना जंक्शन से राजेंद्र नगर, अगमकुआं, पटना सिटी समेत अन्य इलाकों में किया जाता है।