आशिक के चक्कर में पत्नी ने ही करवाई थी पटना के कारोबारी की हत्या

पटना
पटना (Patna) में पिछले 12 दिसम्बर को हुई रुई कारोबारी मोहम्मद नवीजान उर्फ कुटी हत्याकांड (Murder Case) का पटना पुलिस (Patna Police) ने खुलासा करने का दावा किया है. पटना पुलिस की मानें तो कारोबारी की हत्या की साजिश किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी जेहरा खातून ने ही अपने आशिक के साथ मिलकर रची थी.

पटना के सिटी एसपी सेंट्रल विनय तिवारी ने बताया कि हत्या में पत्नी के प्रेमी शमी के अलावा उसका दोस्त दिनेश ठाकुर भी शामिल था जिसकी हार्ट अटैक से पिछले दिनों मौत ही चुकी है. पुलिस के अनुसार दिनेश ठाकुर रुई कारोबारी के यहां ग्राहक बनकर गया था और फिर उससे दोस्ती कर ली थी. गल्फ में रह रहे पत्नी के प्रेमी ने पुलिस को चकमा देने के लिये भारत आने के लिए एयरलाइन्स से आने की बजाय नेपाल का रास्ता चुना और पटना पहुंचा था ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके.

पटना पुलिस ने दावा किया है कि कारोबारी की पत्नी ने हत्याकाण्ड में अपनी संलिप्तत्ता स्वीकार कर ली है. पुलिस ने गल्फ भाग चुके आशिक शम्मी की गिरफ्तारी के लिये दबिश बढ़ा दी है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर इंटरपोल की भी मदद ली जायेगी.

पिछले 12 दिसंबर को रुई कारोबारी शम्मी की हत्या दिनदहाड़े उस वक्त कर दी गई थी जब वह रोज की तरह दुकान खोलने गोडाउन पर पहुंचा था. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए एस रैफ की तैनाती भी की गई थी. घटना के दिन मारे गये कारोबारी की बहनों ने कहा था कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नही है ऐसे में भाई की हत्या किसने कर दी उन्हें नहीं पता, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके भाई की हत्या उसी महिला ने करवा दी जिसे कारोबारी ने जीवन भर का साथ निभाने के लिये चुना था.