मधेपुरा जिले के कई गांव कोसी नदी से पूरी तरीके से जलमग्न
मधेपुरा, हर साल की तरह इस बार भी बाढ़ ने बिहार में रौद्र रुप दिखाना शुरू कर दिया है। इस बार तो बिहार पहले से ही कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहा है और अब बाढ़ ने लोगों के जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। कोसी नदी एक बार फिर तबाही मचा रही है। बिहार में कोसी नदी ने अब अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मधेपुरा जिले के कई गांव कोसी नदी से पूरी तरीके से जलमग्न हो चुके हैं।

मधेपुरा में कोसी नदी ने किस तरीके से तांडव मचाना शुरू कर दिया है यह जानने के लिए आजतक की टीम मधेपुरा के आलमनगर प्रखंड में स्थित रतवारा गांव पहुंची। रतवारा गांव पिछले 10 दिनों से पूरी तरह से जलमग्न है। इलाके का स्कूल हो या फिर थाना सभी इमारतें पूरी तरीके से जलमग्न हो चुकी हैं। लोगों को अपनी जान बचाने के लिए अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
फसल तबाह
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोसी नदी में जिस तरीके से जलस्तर बढ़ता जा रहा है उसकी वजह से उन सभी के घर में कमर तक पानी भर चुका है। बाढ़ प्रभावित लोगों ने कहा कि पूरा इलाका जलमग्न होने की वजह से मक्का और धान की फसल बर्बाद हो गई है। पीड़ित लोगों ने शिकायत की है कि उन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार का कोई भी नुमाइंदा अब तक उन तक नहीं पहुंचा है। उनका कहना है कि पिछले 10 दिन से पूरा इलाका पानी में डूबा हुआ है। फसल बर्बाद हो चुकी है, इसके बावजूद सरकार ने अब तक हमारी सुध नहीं ली है।