विश्व मधुमेह दिवस विशेष: टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं मरीजों के लिए वरदान बन रहा मिशन मधुहारी

विश्व मधुमेह दिवस विशेष: टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं मरीजों के लिए वरदान बन रहा मिशन मधुहारी

निःशुल्क इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स एवं नियमित जांच की सुविधा उपलब्ध

एआई तकनीक से आंखों की जांच, किडनी स्क्रीनिंग एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में प्रदेश में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं मरीजों को बेहतर उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित मिशन मधुहारी महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। विश्व मधुमेह दिवस (14 नवम्बर) के अवसर पर इस मिशन के माध्यम से प्रदेश के सभी 41 जिलों में मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास उल्लेखनीय हैं।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि मिशन मधुहारी के तहत अब तक 3,761 मरीजों का पंजीकरण किया जा चुका है। प्रदेश में 205 स्वास्थ्य संस्थान सूचीबद्ध हैं, जिनमें 138 संस्थानों में मरीजों का नामांकन किया जा रहा है। इनमें 65 जिला अस्पताल, 61 उप जिला अस्पताल, 7 सैटेलाइट अस्पताल एवं 5 मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। अब तक 2,153 मरीज कम से कम एक बार फॉलोअप ले चुके हैं।

उन्होंने बताया कि मिशन के तहत मरीजों को इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग लॉगबुक, इंसुलिन पेन एवं मासिक फॉलोअप की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। मिशन से जुड़ने के बाद 92 प्रतिशत मरीजों को बेसल-बोलस इंसुलिन उपचार उपलब्ध हो रहा है, जबकि पहले यह अनुपात 28 प्रतिशत था।

श्रीमती राठौड़ ने बताया कि मधुनेत्र एआई के माध्यम से अब तक 2,219 मरीजों की डायबिटिक रेटिनोपैथी स्क्रीनिंग की गई है। यह सुविधा प्रदेश के 10 स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित है। वहीं, राज किडनी केयर के तहत मरीजों की किडनी संबंधी जांच की गई, इसके अतिरिक्त डायबिटिक फुट एवं न्यूरोपैथी की स्क्रीनिंग भी की जा रही है।

प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि मधुरंग कार्यक्रम के माध्यम से करीब 1000 लोगों को आपसी सहयोग एवं अनुभव साझा करने के नेटवर्क से जोड़ा गया है। मधुमन के माध्यम से मरीजों के वेलबीइंग इंडेक्स का औसत स्कोर 78.9 रहा है। वहीं, मधुवाणी 104 हेल्पलाइन पर  कॉल प्राप्त हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि सेहत की पाठशाला कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों में मोटापे की पहचान के लिए कमर की माप एवं बॉडी मास इंडेक्स (BMI) के आधार पर स्क्रीनिंग शुरू की गई है। वर्तमान में प्रमुख निजी विद्यालयों में भी यह गतिविधि संचालित की जा रही है।मिशन के तहत 205 सरकारी स्कूलों एवं 41 कॉलेजों को भी जोड़ा गया है, ताकि विद्यार्थियों में टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता एवं समझ विकसित की जा सके।

श्रीमती राठौड़ ने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस हमें मधुमेह के प्रति जागरूकता, समय पर पहचान, नियमित जांच एवं निरंतर उपचार के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करता है। मिशन मधुहारी के माध्यम से विभाग का प्रयास है कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, नियमित निगरानी एवं बेहतर जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके।