जनता दर्शन में सीएम योगी के सख्त निर्देश, जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह अपने सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करने के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाना चाहिए। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए समस्याओं का शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
कमजोर लोगों को परेशान करने वालों पर सख्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को बेघर करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। राजस्व और पुलिस से संबंधित शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 'नर सेवा-नारायण सेवा' की भावना के साथ जनता की सेवा कर रही है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और उसकी समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसी कारणवश नहीं प्राप्त कर पा रहे पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। सरकार का उद्देश्य जनकल्याण के माध्यम से लोगों के जीवन में खुशहाली लाना है।
हर फरियादी के पास पहुंचे मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में आए लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री ने स्वयं उनके पास पहुंचकर शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
बच्चे को चॉकलेट देकर जीता दिल
जनता दर्शन के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ आए एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने पास देखकर बच्चा मुस्कुराने लगा। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी, जिसे पाकर बच्चा खुशी से खिलखिला उठा। मुख्यमंत्री और बच्चे के बीच हुए इस सहज संवाद ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और माहौल में आत्मीयता भर दी।
bhavtarini.com@gmail.com 
