केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने जनसुनवाई कर आमजन की समस्या सुनी
जनसुनवाई में 586 फरियादियों ने अपनी परिवेदनाएं दी
जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को अलवर में हसन खां मेवात नगर स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। उन्होंने परिवेदनाएं सुनकर त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में जिलेभर से आए 586 परिवादियों ने अपनी परिवेदनाएं दी तथा उनके साथ बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
यादव ने कहा कि अलवर के चहुंमुखी विकास के उद्देश्य से जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की परिवेदनाओं का त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। भूपेंद्र यादव से रामगढ के ग्राम ढाढोली में बीएससी कॉलेज को शुरू कराने का विश्वास दिलाया। उन्होंने सांसद निधि कोष से खेल मैदान विकसित कराने, चारदीवारी, ओपन जिम ट्रेक आदि कार्य के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बावद सक्तपुरा में 20 लाख रूपये एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पलावा में 10 लाख रूपये की राशि की स्वीकृति दी। इसी प्रकार ग्राम पलखडी में 5 लाख रूपये की राशि से सैयद बाबा के स्थान से श्मशान घाट तक ग्रेवल सडक बनवाने की स्वीकृति दी। दिल्ली-मुम्बई हाईवे के शीतल कट से अहीर का तिबारा तक सडक चौडी करने के संबंध में मिले प्रतिनिधि मंडल को विश्वास दिलाया कि इस पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने रोटरी क्लब, अलवर फोर्ट के प्रतिनिधियों द्वारा महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल छतरी स्कूल, नयाबास को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसके विकास में सहयोग किया जाएगा।
इस दौरान जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक रामहेत यादव, सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, राजेन्द्र गंडुरा, बन्नाराम मीणा, अरूण जैन, नीलेश खण्डेलवाल सहित अन्य प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

