नाबार्ड चेयरमैन की मुख्य सचिव से शिष्टाचार भेंट

नाबार्ड चेयरमैन की मुख्य सचिव से शिष्टाचार भेंट

जयपुर। शनिवार को सचिवालय में प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के अध्यक्ष डॉ. शाजी के.वी. ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में कृषि, सहकारिता एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों तथा नाबार्ड द्वारा वित्तपोषित विभिन्न परियोजनाओं के संदर्भ में वार्ता हुई। मुख्य सचिव ने प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में नाबार्ड के सहयोग से संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संबंध में चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को ओर मजबूत करने के लिए प्रभावी संस्थागत समन्वय के संबंध में भी विमर्श हुआ।

कृषि उत्पादों में मूल्य संवर्धन एवं ग्रामीण उद्यमिता पर जोर

नाबार्ड अध्यक्ष डॉ. शाजी के.वी. ने कहा कि राज्य में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए क्रेडिट की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में नाबार्ड पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने राजस्थान में कृषि उत्पादन में हुई उल्लेखनीय वृद्धि की चर्चा की। साथ ही उन्होंने एफपीओ और सहकारिता आधारित मॉडल के माध्यम कृषि उपज के मूल्य संवर्धन, कृषि उत्पादों की उचित ब्रांडिंग, प्रभावी मार्केटिंग, तकनीक के समुचित उपयोग, एंटरप्राइज आधारित सहकारिता के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा नाबार्ड द्वारा वित्तपोषित विभिन्न विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा की। इस दौरान सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के शासन सचिव भी उपस्थित रहे।