काबुल में यूक्रेन का विमान हाईजैक 

काबुल में यूक्रेन का विमान हाईजैक 

नई दिल्ली। तालिबान के कब्जे में आए अफगानिस्तान में यूक्रेन के विमान को हाईजैक किए जाने की खबर है। यूक्रेन के उप विदेश मंत्री येवगेनी येनिन के मुताबिक, हथियारबंद लोगों ने प्लेन को हाईजैक किया है और इसे ईरान की तरफ ले जाया गया है। हालांकि, ईरान ने प्लेन हाईजैक की खबर का खंडन किया है। उसका कहना है कि प्लेन ईंधन भरवाने के लिए ईरान के मशहद शहर आया था।
यूक्रेन के उप विदेश मंत्री येनिन के मुताबिक, रविवार को कुछ लोगों ने हमारा प्लेन हाईजैक कर लिया। मंगलवार को इसे अज्ञात यात्रियों के साथ ईरान ले जाया गया है, इसमें यूक्रेन के वे लोग नहीं हैं, जिन्हें एयरलिफ्ट करने के लिए हमने विमान भेजा था। अपने लोगों को निकालने की हमारी अगली तीन कोशिशें भी नाकाम रही हैं, क्योंकि हमारे लोग काबुल एयरपोर्ट तक नहीं पहुंच पाए। उधर, ट्टिवर अकाउंट से शेयर किए गए एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि तालिबानियों ने गजनी प्रांत के एंट्री गेट को क्रेन से तोड़ दिया है। इसका निर्माण इस्लामी साम्राज्य की स्थापना की याद में कराया गया था।