राजस्थान में कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण को मिलेगा बढ़ावा

राजस्थान में कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण को मिलेगा बढ़ावा

जयपुर। प्रदेश में युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, व्यावसायिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग तथा जयपुर स्थित भारतीय स्किल डेवलपमेंट विश्वविद्यालय (बीएसडीयू) के बीच सहयोग ज्ञापन (एमओसी) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते से राज्य में कौशल विकास, उद्योग सहभागिता, अप्रेंटिसशिप और उन्नत प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

एमओयू पर कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के आयुक्त श्री ऋषव मंडल तथा भारतीय स्किल डेवलपमेंट विश्वविद्यालय, जयपुर के अध्यक्ष प्रो. संजय गोयल ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक व्यावहारिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही इंडियास्किल्स प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षकों की क्षमता वृद्धि, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण, पाठ्यक्रमों के संवर्धन तथा अप्रेंटिसशिप के अवसरों के विस्तार जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उभरते हुए कौशल क्षेत्रों में उन्नत प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए भी साझा प्रयास किए जाएंगे।

आयुक्त श्री मंडल ने कहा कि उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध होने से युवाओं को आधुनिक तकनीकों और कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने के अवसर बढ़ेंगे। युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही प्रदेश में कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।