1400 करोड़ रुपये से होगा सड़कों का नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण: उप मुख्यमंत्री
जयपुर। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश की सड़कों के नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता को देखते हुए बजट घोषणा वर्ष 2026-27 में नॉन पेचेबल व क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए 1400 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कार्यों की पारस्परिक प्राथमिकता के आधार पर सड़कों व पुलियाओं का चयन कर नवीनीकरण का कार्य कराया जाता है।
सार्वजनिक निर्माण मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य राजेन्द्र गुर्जर द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा देवली-उनियारा में 6 सड़कों के नवीनीकरण एवं 15 पुलियाओं की मरम्मत के लिए 17.15 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। इनमें से सड़कों के 2 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 4 कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा के अलावा अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त एवं नॉन—पेचेबल देवली—उनियारा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों का पारस्परिक प्राथमिकता के आधार पर नवीनीकरण कराया जाना प्रस्तावित है।
इससे पहले विधायक गुर्जर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा की क्षतिग्रस्त 52 पुलियाओं में से स्वीकृत 15 कार्यों में 1 कार्य पूर्ण, 12 कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि शेष 2 कार्यों स्टेट हाईवे-29 से अनवार नगर व गुराई से जेल रोड में, सदस्य गुर्जर ने 1 कार्य स्टेट हाईवे-29 से अनवार नगर को निरस्त कर राशि को गुराई से जेल रोड कार्य में समायोजित करने की अनुशंसा की है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा में अतिवृष्टि/वर्षा से 12 सड़कें एवं 52 पुलिया क्षतिग्रस्त हुई। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़को और पुलियाओं के मरम्मत करवाए जा रहे कार्यों का विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने यह भी बताया कि इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ मद में भी विभिन्न सड़कों की मरम्मत की गई हैं।
bhavtarini.com@gmail.com
