राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 रविवार से होगा शुरू

राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 रविवार से होगा शुरू

नवाचार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी और सस्टेनेबिलिटी का वैश्विक केंद्र बनेगा राजस्थान

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान सरकार, टाई राजस्थान के सहयोग से राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 का आयोजन 4 से 6 जनवरी  तक जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में कर रही है। रविवार को इस आयोजन का शुभारंभ होगा।

'टेक्नोलॉजी, ग्रोथ एंड सस्टेनेबिलिटी' पर आधारित इस तीन दिवसीय समिट का कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ समिट का शुभारंभ करेंगे। इसमें कई देशों से हजारों विजनरी, निवेशक और स्टार्टअप संस्थापक शामिल हो रहे हैं।

समिट की शुरुआत नेटवर्किंग और उद्घाटन समारोह से होगी। प्रतिनिधि सुबह 10 बजे से पंजीकरण और नेटवर्किंग के लिए पहुंचेंगे और इस दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

4 जनवरी के मुख्य आकर्षण

उद्घाटन सत्र (दोपहर 4 बजे): समिट का औपचारिक उद्घाटन सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ द्वारा किया जाएगा। इस सत्र में राज्य की अगले दशक की डिजिटल ग्रोथ के रोडमैप को प्रस्तुत किया जाएगा।
— ग्लोबल लीडर्स का संबोधन: पहले दिन दो प्रमुख संबोधन होंगे। एनवीडिया (अमरीका) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शंकर त्रिवेदी वैश्विक एआई क्रांति पर विचार साझा करेंगे। इसके बाद टाई ग्लोबल के अध्यक्ष डॉ. मुरली बुक्कापटनम क्रॉस-बॉर्डर स्टार्टअप इकोसिस्टम की विकसित भूमिका पर संबोधन देंगे।
— आधिकारिक स्वागत: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करेंगे तथा राजस्थान को पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे।

समिट में अनोखा सांस्कृतिक और रचनात्मक आयाम जोड़ते हुए आईस्टार्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ राजस्थान भी रविवार से शुरू होगा। यह राजस्थान की एवीजीसी-एक्सआर नीति के तहत तकनीक और कला के अंतर्संबंध को उजागर करेगा। रविवार के कार्यक्रम में सिनेमा प्रेमियों के लिए दो प्रमुख पावर पैनल शामिल हैं। सुबह 11:45 बजे (हॉल मुग्धा): 'सिनेमैटिक क्राफ्ट को समझना: स्क्रिप्ट से स्क्रीन तक' – फिल्म निर्माण की गहन चर्चा, जिसमें धीमान कर्मकार (साउंड डिजाइनर) और नितिन बैद (फिल्म एडिटर) जैसे विशेषज्ञ शामिल होंगे।
दोपहर 4 बजे (हॉल सितारा): 'इंडिपेंडेंट सिनेमा को कौन स्क्रीन करता है?' सत्र में डिजिटल युग में इंडिपेंडेंट स्टोरीटेलिंग के भविष्य पर महत्वपूर्ण चर्चा, जिसमें दिग्गज अभिनेता रजित कपूर और नमित दास शामिल होंगे।

यह समिट रविवार को टीजीएस 100 स्टार्टअप पिच के माध्यम से 200 करोड़ रुपये से अधिक संभावित निवेश और राजस्थान रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस के लॉन्च के लिए मंच तैयार करेगा। यह आयोजन राजस्थान की पारंपरिक विरासत को यूसुफ खान के भपंग संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित करेगा तथा राज्य को एआई और मीडिया टेक में फ्यूचर लीडर के रूप में प्रस्तुत करेगा। 

इसके अतिरिक्त पहले दिन कॉमिक कॉन और टाई वीमेन ग्लोबल पिच प्रतियोगिता का ग्लोबल सेमी-फाइनल भी आयोजित होगा। पहले दिन का समापन भव्य नेटवर्किंग डिनर से होगा, जो स्थानीय उद्यमियों को सिलिकॉन वैली के अग्रणियों और वैश्विक वेंचर कैपिटलिस्टों से सीधे जुड़ने का अनोखा अवसर प्रदान करेगा।