भुवनेश्वर में 15 सितम्बर को प्रवासी राजस्थानी मीट
जयपुर। राज्य सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव और मजबूत करने और निवेश अवसरों पर संवाद के लिए मंगलवार, 15 सितम्बर को भुवनेश्वर के होटल मेफेयर में 'प्रवासी राजस्थानी मीट' आयोजित की जाएगी। मीट का नेतृत्व अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य और डोरा, शिखर अग्रवाल करेंगे।
भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली यह 'प्रवासी राजस्थानी मीट' राज्य सरकार के उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में निवास कर रहे प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाया जा रहा है तथा उन्हें राजस्थान की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह आयोजन विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद, सहयोग और सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य के विकास, निवेश, नवाचार और सामाजिक प्रगति में उनके योगदान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का एक उद्देश्य राजस्थान में औद्योगिक निवेश, व्यापारिक सहयोग एवं आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देना भी है। 'प्रवासी राजस्थानी मीट' के उपरांत अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य और डोरा, शिखर अग्रवाल के नेतृत्व में राजस्थान सरकार का प्रतिनिधिमंडल ओडिशा के प्रमुख उद्योग समूहों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से संवाद करेगा। विशेष रूप से खनन एवं खनिज आधारित उद्योग, धातु एवं धातु प्रसंस्करण, हरित ऊर्जा, वस्त्र एवं परिधान, पर्यटन तथा स्वास्थ्य सेवाओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि राजस्थान में निवेश, तकनीकी सहयोग एवं व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसरों को प्रोत्साहन दिया जा सके। कार्यक्रम में राजस्थान में उपलब्ध निवेश अवसरों और नीतिगत लाभों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य और डोरा, शिखर अग्रवाल के नेतृत्व वाले इस प्रतिनिधिमंडल में विशेष सचिव, डोरा एवं आयुक्त राजस्थान फाउंडेशन डॉ. मनीषा अरोड़ा, राजस्थान फाउंडेशन, बीआईपी, रीको एवं उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के लिए कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहभागी है। मंगलवार को होने वाले रोडशो में उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व सीआईआई ओडिशा राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह तथा वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सीआईआई ओडिशा के पूर्व अध्यक्ष सी. चंद्र करेंगे।
'प्रवासी राजस्थानी दिवस के बारे में—
राजस्थान सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के उद्देश्य से गत वर्ष से 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाया जाता है। इस पहल का उद्देश्य देश और दुनिया भर में बसे राजस्थानियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उन्हें राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है।
वर्ष 2025 में जयपुर में आयोजित प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस को व्यापक सफलता मिली, जिसके बाद इस पहल को और विस्तार दिया गया है। 'कनेक्ट, कोलैबोरेट एंड कॉन्ट्रिब्यूट' की भावना के अनुरूप राज्य सरकार विभिन्न शहरों में संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों, निवेशकों और उद्योग जगत से सतत संपर्क बनाए हुए है।
इसी क्रम में भुवनेश्वर में आयोजित यह संवाद कार्यक्रम निवेश संभावनाओं, नीतिगत सहयोग और साझेदारी के अवसरों को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रहेगा, साथ ही प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के लिए सहभागिता को भी प्रोत्साहित करेगा।
bhavtarini.com@gmail.com
