लालू के गढ में मोहन का सिंहनाद, बोले आपके हाथ में सुदर्शन चक्र, नापाक गठबंधनों का नाश करें
बगहा/सहरसा/सिकटा (बिहार)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रचार के लिए पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जोरदार जनसभाएं कीं। उन्होंने बगहा में राम सिंह, सहरसा में आलोक रंजन झा और सिकटा में समृद्धि वर्मा के पक्ष में वोट देने की अपील की।
सभा के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि बिहार में कांग्रेस के शासनकाल में भय और अव्यवस्था थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार दोनों तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने कहा — कभी लोग सूर्यास्त से पहले घर लौट जाते थे, लेकिन आज बिहार विकास की राह पर है। पूर्णिया में एयरपोर्ट बन गया है, सड़कों और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मोहन यादव ने कांग्रेस और महागठबंधन पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस के लोग देश के वीर सैनिकों के पराक्रम पर सवाल उठाते हैं। राहुल गांधी विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं। यह शर्मनाक है। अब समय आ गया है कि जनता कांग्रेस के कर्मों का हिसाब ले।
आपके हाथ में सुदर्शन चक्र
मुख्यमंत्री ने कहा- भगवान श्रीकृष्ण ने शिशुपाल की सौ गलतियाँ माफ कीं, पर जब हद पार हुई तो सुदर्शन चक्र चला दिया। अब जनता के हाथ में वही सुदर्शन चक्र है। वक्त आने पर इन नापाक गठबंधनों का नाश करना है।
कांग्रेस में परिवारवाद, बीजेपी में सबका विकास
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है, जबकि भाजपा में सबको अवसर मिलता है। नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक एक ही परिवार ने देश पर राज किया। वहीं भाजपा में प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र दिया है। मैं खुद इसका उदाहरण हूं – मेरे घर में कोई विधायक या सांसद नहीं था, फिर भी मुझे मुख्यमंत्री बनाया गया।
बिहार की जनता की तारीफ
मोहन यादव ने बिहार की सराहना करते हुए कहा - बिहार के लोग मेहनती और प्रतिभाशाली हैं। यहां से जितने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर निकलते हैं, उतने किसी और राज्य से नहीं। भाजपा ने ही द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया और ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया।
महागठबंधन नहीं, महाठगबंधन
मुख्यमंत्री ने कहा- महागठबंधन के नेता जनता का अपमान करते हैं। यह बिहार जैसे महान राज्य के साथ अन्याय है। जनता को तय करना है कि वह लायक के साथ है या नालायक के साथ। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी की माता जी का अपमान किया, जिसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
बिहार का भगवान राम से विशेष नाता
सीएम मोहन यादव ने कहा- बिहार की धरती का भगवान राम से गहरा संबंध है। श्रीराम तो बिहार के दामाद हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति और भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम हो रहा है।
bhavtarini.com@gmail.com 
