वैभव सूर्यवंशी का विश्व रिकॉर्ड, 53 गेंदों में जड़ दिए 204 रन; 28 छक्कों से मचाई तबाही

वैभव सूर्यवंशी का विश्व रिकॉर्ड, 53 गेंदों में जड़ दिए 204 रन; 28 छक्कों से मचाई तबाही

दोहा। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। मंगलवार को इंडिया-ए और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच खेले गए मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव ने महज 53 गेंदों पर 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उनकी इस तूफानी पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।

दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने शुरुआत से ही यूएई के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उनके बल्ले से 14 छक्के और चार चौके निकले। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था, जिन्होंने 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक लगाया था।

वैभव का आक्रामक अंदाज पहले ओवर से ही देखने को मिला। उन्होंने पारी के शुरुआती ओवर में जाहिद अली की गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इसके बाद दूसरे ओवर में इबरार अहमद के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाया। तीसरे ओवर में बासिल हमीद की गेंदों पर तीन छक्के लगाकर महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इस समय तक वैभव आठ छक्के और एक चौका लगा चुके थे।

शतक के बाद भी उनका बल्ला नहीं थमा। वैभव ने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने कुल 53 गेंदों में 204 रन बनाकर पवेलियन लौटने से पहले यूएई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। आखिरकार बासिल हमीद ने उनकी विस्फोटक पारी का अंत किया।

वैभव की इस पारी की सबसे खास बात उनके बल्ले से निकले 28 छक्के रहे। किसी प्रोफेशनल क्रिकेट मुकाबले में एक बल्लेबाज द्वारा इतनी बड़ी संख्या में छक्के लगाने का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन बताया जा रहा है। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सितारा मिल गया है।