मोदी सरकार का अन्नदाता को सम्मान: प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में पूरे भारतवर्ष में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर नागौर जिले में हर्ष का माहौल

मोदी सरकार का अन्नदाता को सम्मान: प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में पूरे भारतवर्ष में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर नागौर जिले में हर्ष का माहौल

जयपुर। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत नागौर जिले ने पूरे भारतवर्ष में द्वितीय स्थान प्राप्त कर गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में इस उपलब्धि के लिए नागौर जिले को सम्मानित किया।

जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने इस सम्मान एवं पुरस्कार को नागौर जिले के किसानों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नोडल अधिकारी के लगातार मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में यह उपलब्धि जिले के मेहनतकश किसानों के सहयोग, कृषि व उद्यान, पशुपालन, कृषि विपणन, सहकारिता, बैंक, पंचायती राज, भु-अभिलेख, कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि अनुसंधान एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत तथा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय का परिणाम है।

कृषि एवं सम्बन्धित विभागों की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम

उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार अन्नदाता के सम्मान और उसकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पीएम किसान सम्मान निधि व प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना समेत कई योजनाएं संचालित कर रही है। भजनलाल सरकार ने इन योजनाओं के साथ ही राज्य के बजट से सीएम किसान सम्मान निधि समेत अन्य कई बड़ी योजनाएं संचालित कर रखी हैं जिनके उल्लेखनीय परिणाम आएं हैं।

जिले में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग, समीक्षा एवं फील्ड स्तर पर विभिन्न गतिविधियों की प्रगति पर निगरानी रखी गई। योजना के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने तथा किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित प्रयास किए। इस उपलब्धि में संयुक्त निदेशक कृषि रविंद्र सिंह रियाड़ सहित सहायक निदेशकों, सहायक कृषि अधिकारियों, कृषि पर्यवेक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला स्तर पर योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं विभिन्न विभागों के साथ समन्वय में सहायक निदेशक शंकर राम सियाक तथा सुभाष चन्द्र का भी उल्लेखनीय योगदान रहा।

जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कृषि विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, समर्पण एवं सतत मॉनिटरिंग की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नागौर जिले के किसानों और कृषि विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है।

नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में नागौर जिले का प्रतिनिधित्व जिला कलेक्टर  देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त निदेशक कृषि रविंद्र सिंह रियाड़, कृषि विज्ञान केंद्र नागौर के डॉ. बुद्धा राम चौधरी तथा प्रगतिशील किसान रामदेव जाट ने किया।

नागौर जिले की यह उपलब्धि जिले के किसानों, कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा योजना के क्रियान्वयन में सहयोग देने वाले सभी संबंधित विभागों के लिए गौरव का विषय है।