जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उच्च स्तरीय बैठक: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उच्च स्तरीय बैठक: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

पेयजल आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बजट घोषणाओं और लम्बित परियोजनाओं को जल्द उतारें धरातल पर

आमजन को हर हाल में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पेयजल आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही फील्ड स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता और जवाबदेही भी तय की जाए।
अधिकारी फील्ड में जाकर समस्याओं का करें निस्तारण

मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने विभाग की बजट घोषणाओं, प्रगतिरत एवं लम्बित परियोजनाओं के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से जुड़ी जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करना अधिकारियों का दायित्व है। अधिकारी जनता के बीच जाकर जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का निस्तारण कर आमजन का विश्वास अर्जित करें।

लम्बित परियोजनाओं की हो नियमित मॉनिटरिंग

उन्होंने अधिकारियों को लम्बित परियोजनाओं की मुख्य सचिव स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का विभागीय स्तर पर त्वरित समाधान करते हुए कार्यों की गति बढ़ाई जाए। साथ ही, उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिकाधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिये, ताकि जिन घरों में जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां नियमित एवं सुचारू जलापूर्ति भी सुनिश्चित हो। 

जल भवन में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

मुख्यमंत्री ने जल भवन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही, पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए मोबाइल टेस्टिंग वैन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में मौके पर ही पानी की गुणवत्ता का परीक्षण किया जा सके। 

उन्होंने स्थायी जल स्रोतों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित एवं संरक्षित कर उनकी उपयोगिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जल संसाधनों का अधिकतम एवं विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, न्यायालयों में विचाराधीन विभागीय प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी पैरवी एवं आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। 

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी) हेमंत गेरा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।