साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन- 2026: पहले दिन हुए 5 टेक्निकल सेशन
जयपुर। राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026‘ आयोजित हो रहा है। इसमें पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद 5 महत्वपूर्ण टेक्निकल सेशन हुए।
इनमें 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं साइबर अपराधों से बचाव और त्वरित कार्रवाई, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध, साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण मॉड्यूल, साइबर अपराधों से संबंधित प्रक्रियाओं का स्वचालन (प्रोसेस ऑटोमेशन) और साइबर अपराध हॉटस्पॉट पर प्रभावी प्रवर्तन एवं कार्रवाई सेशन में एक्सपर्ट ने विचार रखे।
एक सेशन में पुलिस अधीक्षक (साइबर क्राइम) सुमित मेहरड़ा ने प्रतिभागियों के साथ अहम जानकारियां साझा कीं। साइबर क्राइम की रोकथम सम्बन्धित कार्यप्रणाली को विस्तार से बताया। उन्होंने साइबर ठगी के शिकार लोगों की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही, बताया कि किस तरह से शिकायत निवारण तंत्र के जरिए साइबर फ्रॉड की शिकायतों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जाता है।
मेहरड़ा ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन अपराधों- जैसे साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग और साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों की रोकथाम के लिए कार्यरत विशेष विंग के बारे में जानकारी दी। प्रतियोगिता के समापन पर एसपी सुमित मेहरड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी विजेता टीमों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
हैकाथॉन में दूसरे दिन रविवार को शाम 4 बजे समापन समारोह होगा। इसमें मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास संबोधित करने के साथ विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com

