शिक्षा मंत्री ने सीकर जिले के लालासी में वंदे गंगा अभियान में श्रमदान और पौधारोपण किया

शिक्षा मंत्री ने सीकर जिले के लालासी में वंदे गंगा अभियान में श्रमदान और पौधारोपण किया

जयपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ उपखण्ड के लालासी ग्राम पंचायत के बऊ धाम में सरोवर पूजन कर श्रमदान और पौधारोपण किया और  पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को गति देने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने तालाबों, बावड़ियों और एनिकटों की साफ-सफाई, मरम्मत और कैचमेंट एरिया से अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया ताकि मानसून में जल संचयन बढ़ाया जा सके।

पानी का दुरुपयोग मानवता के लिए खतरा

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे प्राचीन साहित्य में जल, अग्नि और वायु को ईश्वर का दर्जा दिया गया है। भारत में विश्व का मात्र 4 प्रतिशत शुद्ध जल है, जबकि जनसंख्या 16% है। राजस्थान में देश का 10.4 प्रतिशत क्षेत्र होने के बावजूद पानी केवल 1 प्रतिशत है। उन्होंने चिंता जताई कि 150 प्रतिशत की दर से भूजल दोहन हो रहा है। पानी का दुरुपयोग मानवता के लिए खतरा है, हमें इसे संरक्षित करना होगा।

पॉलीथीन पर सख्ती, 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वृक्ष प्रदूषण रोकने में अहम हैं। राजस्थान में स्व. अमृता देवी के नेतृत्व में 363 लोगों ने वृक्षों की रक्षा के लिए बलिदान दिया था। उन्होंने पॉलीथीन के उपयोग को पूरी तरह बंद करने की अपील की क्योंकि इससे हर साल लाखों लोग स्वास्थ्य सम्बंधी समस्याओं से प्रभावित होते हैं। पंचायती राज विभाग प्रत्येक ग्राम पंचायत को साफ-सफाई के लिए हर माह 1 लाख रुपये दे रहा है। उन्होंने सफाई कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को निलंबन की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि पिछले साल 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए और इस साल 10 करोड़ का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, यह भावी पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण देने का प्रयास है।

वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर

खंडेला विधायक सुभाष मील ने जोहड़ों और तालाबों में वाटर रिचार्जिंग स्ट्रक्चर बनाने की बात कही। धोद विधायक गोवर्धन वर्मा ने सामूहिक प्रयास से जल संरक्षण और पौधारोपण की जरूरत बताई। उन्होंने सुझाव दिया कि दोपहिया वाहन चालकों को 20, चारपहिया चालकों को 30 और एसी उपयोग करने वालों को अनिवार्य रूप से 50 पौधे लगाने चाहिए।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बावड़ियों, तालाबों और एनिकटों के कैचमेंट एरिया से अतिक्रमण हटाने और उनकी मरम्मत के लिए बजट की कोई कमी नहीं है।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, पूर्व सांसद सीकर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा,दिनेश जोशी, नवरंग चौधरी,  मनोज बाटड़ भी उपस्थित रहे।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूज, गूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2, टवीटर, टवीटर 1, इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1, कू ऐप  यूटयूब चैनल  से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट, देखें-  मप्र समाचार, छत्तीसगढ समाचार, उडीसा समाचार, राजस्थान समाचार, पंजाब समाचार, उप्र समाचार, खेल समाचार, धर्म समाचार, कैरियर समाचार, बिजनेस समाचार