20 हजार से अधिक आरटीपीसीआर जांच के लक्ष्य पूरे, कोरोना संक्रमित 573 नये मरीज मिले

20 हजार से अधिक आरटीपीसीआर जांच के लक्ष्य पूरे, कोरोना संक्रमित 573 नये मरीज मिले

पटना 
बिहार में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 20 हजार से अधिक आरटीपीसीआर जांच(RT- PCR Investigation) का लक्ष्य पूरा कर लिया। पिछले 24 घंटे में 21 हजार से अधिक कोरोना सैंपल की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गयी। वहीं, राज्य में कुल एक दिन में एक लाख 28 हजार 642 सैंपल की जांच की गयी। इसमें 573 नये संक्रमितों की पहचान हुई। राज्य में अबतक 1 करोड़ 53 लाख 02 हजार 698 सैंपल की जांच की जा चुकी है। 

स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि विभाग ने प्रतिदिन 20 हजार से अधिक कोरोना सैंपल की आरटीपीसीआर जांच का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इसमें आगे और भी वृद्धि होगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में पांच कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर दो लाख 38 हजार 541 और मृतकों की संख्या बढ़कर 1292 हो गयी है। राज्य में वर्तमान में कोरोना के 5382 सक्रिय मरीज हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 

पटना में सर्वाधिक 197 नये कोरोना संक्रमित मिले 
राज्य में सर्वाधिक 197 नये कोरोना संक्रमित मरीज पटना में मिले। वहीं, 17 जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 से अधिक और शेष 18 जिलों में 10 से कम मरीज मिले। 
 
पिछले 24 घंटे में 758 मरीज स्वस्थ हुए
राज्य में पिछले 24 घंटे में 758 कोरोना संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हुए। राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 97.20 फीसदी रही। अबतक कोरोना के दो लाख 31  हजार 866 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।