लोगों को कैसे हंसाया जाए, दूसरे कैदियों को सिखाएंगे राजपाल यादव

लोगों को कैसे हंसाया जाए, दूसरे कैदियों को सिखाएंगे राजपाल यादव

नई दिल्ली 
चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल भेजे गए बॉलिवुड कमीडियन राजपाल यादव के जेल में आने से कैदी बहुत खुश हैं। इनकी खुशी इस बात को लेकर है कि जिसे वह टीवी पर देखते थे, अब वह न केवल उनके बीच में हैं बल्कि उनसे मिल भी सकते हैं। कैदियों के इसी क्रेज को देखते हुए जेल अधिकारी राजपाल यादव से कैदियों को हंसाने और संगीत की कला सिखवाने की योजना बना रहे हैं। ताकि कैदियों को तनाव मुक्त रखा जा सके। 
तिहाड़ जेल अधिकारियों का कहना है कि हमारे लिए तो सारे कैदी बराबर हैं। लेकिन अब जबकि राजपाल यादव उनकी जेल में आ ही गए हैं तो फिर हम उनसे दूसरे कैदियों को गीत-संगीत से ही संबंधित चीजों को सिखवाने वाले हैं। इसमें सबसे पहले लोगों को कैसे हंसाया जाए, यह यह आर्ट सिखाने के लिए कहा जाएगा। इसके अलावा उनसे कैदियों को म्यूजिक क्लास भी दिलाई जाएगी। 

बैरक में राजपाल के साथ 4 और कैदी 
बताया जाता है कि शुक्रवार को हाई कोर्ट से तिहाड़ भेजे गए राजपाल यादव को यहां की जेल नंबर-7 में रखा गया है। इन्हें अलग बैरक में चार कैदियों के साथ रखा गया है। ऐसा इसलिए भी किया गया है कि कहीं इनसे कोई कैदी बदतमीजी ना कर दे। इन्हें ऐसे कैदियों के साथ रखा गया है, जो सिविल मामले में ही जेल में बंद हैं। 

जेल में राजपाल ने नहीं की कोई खास मांग 
जेल सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार रात से जेल में आने के बाद से अब तक राजपाल यादव ने जेल प्रशासन से कुछ खास मांग नहीं की है। शनिवार सुबह उठने के बाद उन्होंने जेल का ही खाना खाया और जेल का ही पानी पिया। फिलहाल उनका बीपी सामान्य है। जेल में आने के बाद उनकी काउंसलिंग की गई है, ताकि वह तनाव में ना आएं।