लापरवाही : भोपाल सेंट्रल जेल में लगने थे CCTV, राशि भी जारी लेकिन काम ठंडे बस्ते में
भोपाल
सिमी आतंकियों के भोपाल सेंट्रल जेल ब्रेक के बाद सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीआईएसएफ की रिपोर्ट के बाद जेल परिसर में लगने वाले कैमरे अब तक नहीं लग सके हैं। जबकि जेल में कैमरे लगाने को लेकर राशि भी जारी हो चुकी है। बताया जाता है कि गुजरात की एक कंपनी को टेंडर देने के लिए मुख्यालय के अफसर ने हामी भर दी थी, लेकिन टेंडर की शर्ते को कंपनी पूरा करने को तैयार नहीं है। जबकि कैमरे लगाने की राशि भी अफसरों ने कंपनी को जारी कर दी है। ऐसे में मामला अब ठंडे बस्ते में चला गया है। सूत्रों की माने तो सेंट्रल जेल के अलावा दूसरी सेंट्रल जेलों में कैमरे लगाए जाना है।
जेल ब्रेक की वारदात के बाद जेल में सुरक्षा में हुई चूक को लेकर सीआईएसएफ की टीम ने दौरा कर अपनी रिपोर्ट दी थी। जिसमें कई तरह की खामियां सामने आई थी। रिपोर्ट में जेल परिसर में करीब 100 स्थानों को चिंहित कर नई तकनीक के सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई थी। उसी रिपोर्ट को आधार मानते हुए जेल मुख्यालय ने जेल परिसर में कैमरे लगाने का फैसला लिया था, लेकिन अफसरों की मनमानी के चलते कैमरे नहीं लग पाए।
bhavtarini.com@gmail.com 